AESL करेगा भारत की प्रमुख स्मार्ट मीटर कंपनी इंटेलीस्मार्ट का अधिग्रहण

अधिग्रहण के बाद AESL के पास होगा 4.7 करोड़ से ज्यादा स्मार्ट मीटर का पोर्टफोलियो

अहमदाबाद, 9 जून, 2026: भारत की सबसे बड़ी निजी ट्रांसमिशन कंपनी और प्रमुख एनर्जी सॉल्यूशन्स प्रोवाइडर्स में से एक, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड में 100% हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक बाध्यकारी सिक्योरिटीज़ परचेस एंड सब्सक्रिप्शन एग्रीमेंट (एसपीएसए) पर हस्ताक्षर किए हैं। इंटेलीस्मार्ट, नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (एनआईआईएफ) और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेस लिमिटेड (AESL) का एक प्रमुख स्मार्ट मीटरिंग जॉइंट वेंचर है। प्रस्तावित अधिग्रहण के बाद एईएसएल के पास 4.7 करोड़ से अधिक स्मार्ट मीटर का पोर्टफोलियो होगा, जिससे उसकी स्थिति भारत के सबसे बड़े स्मार्ट मीटरिंग प्लेटफॉर्म के रूप में और मजबूत होगी।

3,050 करोड़ रुपए के इस प्रस्तावित ट्रांजेक्शन में इंटेलीस्मार्ट की 100 प्रतिशत इक्विटी शेयर पूंजी का अधिग्रहण और एनआईआईएफ के पास उपस्थित इंटेलीस्मार्ट के ऑप्शनली कन्वर्टिबल डिबेंचर्स का रिडेम्प्शन शामिल है। इस ट्रांजेक्शन के पूरा होने के लिए नियामकीय और अन्य जरूरी मंजूरियाँ मिलना अभी बाकी है।

इंटेलीस्मार्ट भारत की प्रमुख स्मार्ट मीटर एसेट्स कंपनियों में से एक है, जिसके पास उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और असम में 2.2 करोड़ से अधिक स्मार्ट मीटर्स का पोर्टफोलियो है। तेजी से बढ़ते उपभोक्ता बाजारों में कंपनी की मजबूत उपस्थिति भविष्य के विस्तार के लिए बड़े अवसर प्रदान करती है।

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के सीईओ कंदर्प पटेल ने कहा, "इंटेलीस्मार्ट का अधिग्रहण हमारी क्षमता और कार्यान्वयन कौशल को और मजबूत करेगा। साथ ही, यह तकनीक आधारित समाधानों के जरिए भारत में बिजली वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण को गति देने में भी मदद करेगा।"

यह अधिग्रहण एईएसएल की उस रणनीति के अनुरूप है, जिसके तहत कंपनी ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक दोनों अवसरों के जरिए विकास को आगे बढ़ा रही है। इस अधिग्रहण से बड़े स्तर पर संचालन का लाभ मिलेगा, संचालन एवं रखरखाव लागत को बेहतर ढंग से प्रबंधित किया जा सकेगा और एईएसएल के व्यापक ऊर्जा एवं इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म के साथ बेहतर तालमेल स्थापित होगा।

इंटेलीस्मार्ट के एमडी और सीईओ अनिल रावल ने कहा, "इंटेलीस्मार्ट इस महत्वपूर्ण ट्रांजेक्शन का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रही है, जिसने अपने सभी हितधारकों के लिए मूल्य सृजित किया है। हमें विश्वास है कि यह उपलब्धि नए निवेश को आकर्षित करने और बिजली वितरण क्षेत्र के डिजिटलीकरण को और गति देने में मदद करेगी। यह क्षेत्र पहले से ही देश के समग्र पॉवर वैल्यू चेन में बदलाव का एक प्रमुख आधार बनकर उभर रहा है।"

एनआईआईएफ के मैनेजिंग पार्टनर विनोद गिरी ने कहा, "इंटेलीस्मार्ट का देश के प्रमुख स्मार्ट मीटरिंग प्लेटफॉर्म्स में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि एनआईआईएफ राष्ट्रीय महत्व के उभरते क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर व्यवसायों को विकसित करने और उन्हें बड़े स्तर तक ले जाने में सक्षम है। हमारे लिए यह ट्रांजेक्शन हमारी इंफ्रास्ट्रक्चर रणनीति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और भारत में मजबूत एवं अग्रणी प्लेटफॉर्म्स तैयार करने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। इंटेलीस्मार्ट अब अपने विकास के अगले चरण में प्रवेश कर रही है। ऐसे में, यह ट्रांजेक्शन हमें मूल्य सृजित करने के साथ-साथ भारत के डिजिटल और ऊर्जा परिवर्तन में संस्थागत निवेश को बढ़ावा देने का अवसर भी देता है।"

ईईएसएल के सीईओ अखिलेश दीक्षित ने कहा, "ईईएसएल हमेशा से भारत के बिजली क्षेत्र में ऊर्जा दक्षता और डिजिटल बदलाव को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रही है। हमें स्मार्ट मीटरिंग इकोसिस्टम में इंटेलीस्मार्ट के योगदान पर गर्व है और हमारा मानना है कि यह ट्रांजेक्शन डिस्कॉम्स और उपभोक्ताओं को बड़े स्तर पर बेहतर सेवाएँ देने की इसकी क्षमता को और भी मजबूत करेगा।"

इस ट्रांजेक्शन में सिरिल अमरचंद मंगलदास ने एईएसएल के कानूनी सलाहकार के रूप में काम किया। वहीं, तलवर ठाकोर एंड एसोसिएट्स ने विक्रेताओं के कानूनी सलाहकार की भूमिका निभाई, जबकि डेलॉइट टुश तोहमात्सु इंडिया विक्रेताओं के लिए विशेष ट्रांजेक्शन सलाहकार रही।

AESL के बारे में जानकारी

अदाणी ग्रुप का हिस्सा अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ऊर्जा क्षेत्र की एक बहुआयामी कंपनी है, जो पॉवर ट्रांसमिशन, पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन, स्मार्ट मीटरिंग और कूलिंग सॉल्यूशंस जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उपस्थित है। एईएसएल देश की सबसे बड़ी निजी ट्रांसमिशन कंपनी है, जिसकी उपस्थिति भारत के 16 राज्यों में है। कंपनी के पास 27,949 सर्किट किलोमीटर का ट्रांसमिशन नेटवर्क और 1,23,175 एमवीए की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता है। डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार के तहत एईएसएल मुंबई महानगर और मुंद्रा एसईजेड औद्योगिक क्षेत्र में 1.3 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं को सेवाएँ प्रदान करती है। कंपनी अपने स्मार्ट मीटरिंग कारोबार का तेजी से विस्तार कर रही है और 2.46 करोड़ से अधिक मीटर्स के ऑर्डर बुक के साथ भारत की अग्रणी स्मार्ट मीटरिंग इंटीग्रेटर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है। डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार, समानांतर लाइसेंस, प्रतिस्पर्धी एवं उपभोक्ता-केंद्रित रिटेल सॉल्यूशंस तथा ग्रीन पॉवर की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी के माध्यम से एईएसएल ऊर्जा वितरण के तरीके को बदल रही है। कंपनी विश्वसनीय, किफायती और टिकाऊ तरीके से देश के ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मीडिया संपर्क: roy.paul@adani.com

अन्य रिलीज़

Scroll to top